लखनऊ. भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य के प्रथम लखनऊ आगमन पर चारबाग रेलवे स्टेशन पर ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के साथ कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। उनका आगमन संगठनात्मक उत्साह और शक्ति प्रदर्शन का केंद्र बन गया। स्टेशन के बाद विश्वेश्वरैया सभागार में आयोजित अभिनंदन समारोह में प्रदेश पदाधिकारियों और समर्पित कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार अभिनंदन किया।
इस दौरान अमरपाल मौर्य ने विपक्षी दलों, विशेषकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इन दलों ने पिछड़े वर्ग को केवल राजनीतिक वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया और लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद उनके स्थायी उत्थान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए। इसके विपरीत, भारतीय जनता पार्टी ने पिछड़ों को सच्चा सम्मान, अवसर और राजनीतिक भागीदारी प्रदान की है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी की प्रचंड विजय सुनिश्चित करने के लिए अभी से पूरी ऊर्जा के साथ जुट जाएं।
अमरपाल मौर्य ने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को रेखांकित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देना सामाजिक न्याय का ऐतिहासिक कदम है। केंद्र सरकार की उज्ज्वला, आयुष्मान भारत, पीएम आवास, हर घर नल से जल और जनधन जैसी योजनाओं ने पिछड़ों, वंचितों और गरीबों का व्यापक सशक्तीकरण किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति का मूल मंत्र समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति का विकास करना है।
उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में पिछड़े और वंचित वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने मोर्चा कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी कि वे बूथ और गांव स्तर तक जाकर पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाएं।
इस समारोह में पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पिछड़ा वर्ग सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक रूप से सशक्त हुआ है तथा आज भाजपा को अपना स्वाभाविक साथी मानता है। वहीं, प्रदेश महामंत्री संजय राय ने कहा कि समर्पित कार्यकर्ता ही भाजपा की वास्तविक शक्ति हैं और अमरपाल मौर्य के मार्गदर्शन में संगठन गांव-गांव तक पहुंचकर और अधिक मजबूत तथा प्रभावी बनेगा।













