जन अधिकार पार्टी के संरक्षक बाबू सिंह कुशवाहा ने रविवार 23 मार्च को कानपुर के पास अकबरपुर रनिया में पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस कार्यक्रम में बाबू सिंह कुशवाहा ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वह अपने पूरे सामर्थ्य से जन अधिकार पार्टी और इसके गठबंधन सहयोगी कांग्रेस के उम्मीदवारों के प्रचार में जुट जाएं।
बताते चलें कि बाबू सिंह कुशवाहा की जन अधिकार पार्टी और कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए गठबंधन किया है और इसके तहत जन अधिकार पार्टी को उत्तर प्रदेश में सात लोकसभा सीटें मिली हैं। बाबू सिंह कुशवाहा ने कहा कि उन्हंने संविधान, लोकतंत्र बचाने के लिए कांग्रेस के साथ गठबंधन किया है।
बाबू सिंह कुशवाहा ने कहा कि वह और उनकी पार्टी पूरी ईमानदारी से गठबंधन धर्म को निभाएगी। जहां पर जन अधिकार पार्टी के उम्मीदवार हैं वहां पार्टी के कार्यकर्ता उनके लिए काम करेंगे और जहां गठबंधन सहयोगी कांग्रेस के उम्मीदवार हैं वहां कांग्रेस के साथ पूरा सहयोग करेंगे।
बाबू सिंह कुशवाहा ने कहा कि उनकी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन न सिर्फ लोकसभा चुनाव में बल्कि 2022 में होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव में भी काफी अच्छा प्रदर्शन करेगा।