18 सितंबर को होने वाले विधान परिषद के उप चुनाव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दो उप मुख्यमंत्री तथा दो मंत्री उच्च सदन में पहुंचने के दावेदार हो गए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तो यशवंत सिंह की रिक्त सीट पर सदन में जाएंगे जबकि उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा को डॉ. अशोक बाजपेयी की सीट से विधान परिषद में जाने का मौका मिलेगा। इसी तरह बुक्कल नवाब के इस्तीफा देने से खाली सीट पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तथा डॉ. सरोजिनी अग्रवाल की रिक्त सीट पर परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह उच्च सदन में जाएंगे। यह चारों इस्तीफा देने वाले समाजवादी पार्टी से विधान परिषद के सदस्य थे। बहुजन समाज पार्टी के ठाकुर जयवीर सिंह के इस्तीफा देने के बाद रिक्त सीट पर अल्पसंख्यक राज्य मंत्री मोहसिन रजा विधान परिषद में जाएंगे।
चुनाव आयोग ने 24 अगस्त को चुनाव आयोग ने प्रदेश में एमएलसी की 4 सीटों पर उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित किया था। इसके तहत 15 सितम्बर को चुनाव होना था। तब कयास लगाए थे कि भाजपा के किसी पांचवे मंत्री को इस्तीफा देना होगा। इसी के दो दिन बाद चुनाव आयोग ने बसपा एमएलसी ठाकुर जयवीर सिंह के इस्तीफे के बाद खाली हुई सीट पर भी उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया। इस एक सीट पर 18 सितम्बर को चुनाव होना है। 29 जुलाई 2017 को बसपा से एमएलसी ठाकुर जयवीर सिंह ने इस्तीफा दिया था। इनका कार्यकाल पांच मई 2018 तक है। अब इस खाली सीट पर 18 सितम्बर को चुनाव होगा।
समाजवादी पार्टी के बुक्कल नवाब ने 29 जुलाई 2017 को विधानपरिषद की सदस्यता से इस्तीफा दिया था। इनका कार्यकाल 6 जुलाई 2022 तक है। इन्होंने भाजपा की सदस्यता ली है।
यशवंत सिंह ने भी 29 जुलाई को ही विधानपरिषद की सदस्यता से इस्तीफा दिया था। इनका भी कार्यकाल 6 जुलाई 2022 तक है। यशवंत ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है। समाजवादी पार्टी की डॉ. सरोजिनी अग्रवाल ने 4 अगस्त 2017 को इस्तीफा दिया था। इनका कार्यकाल 30 जनवरी 2021 को खत्म हो रहा है। वह भी भाजपा में शामिल हो गई हैं। समाजवादी पार्टी के अशोक बाजपयी ने भी 9 अगस्त 2017 को इस्तीफा दिया था। इनका भी कार्यकाल 30 जनवरी 2021 को खत्म होगा। बाजपेयी भी भाजपा में शामिल हो चुके हैं।
विधान परिषद के उप चुनाव के तहत 31 अगस्त 2017 को उपचुनाव की अधिसूचना जारी की गई। इसके नामांकन की अंतिम तिथि सात सितंबर है। नामांकन पंत्रों की जांच आठ सितंबर को होगी। नाम वापसी का समय 11 सितंबर को रखा गया है। विधान परिषद का उप चुनाव 18 सितंबर को सुबह 9 बजे से 4 बजे तक होगा। इसी दिन शाम को पांच बजे से मतगणना होगी। 20 सितंबर को इसकी प्रक्रिया समाप्त हो जाएगी।