माटुंगा पुलिस की तत्पर कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार
मुंबई के माटुंगा इलाके में 74 वर्षीय महिला के साथ हुई चेन स्नैचिंग की घटना ने सनसनी फैला दी। 19 जुलाई 2025 की रात 8:40 बजे, विजया हरिया नामक महिला जैन मंदिर में दर्शन के बाद घर लौट रही थीं, तभी KTM बाइक पर सवार दो युवकों ने उनके गले से 9.80 ग्राम की सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए।
माटुंगा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी मोहित शेट्टी (22) और उसके साथी रोहित गौड़ (19) को कुर्ला इलाके से कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से लूटी गई चेन और घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद की गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी मोहित ने “एविएटर” नामक ऑनलाइन गेम में ₹85,000 हारने के बाद अपराध की राह पकड़ ली। उसने कई लोगों से पैसे उधार लिए थे, जिन्हें वापस करने का दबाव बढ़ रहा था। इसी मानसिक तनाव और आर्थिक दबाव के चलते उसने अपने बचपन के दोस्त रोहित के साथ इस लूट को अंजाम दिया।
सीनियर पुलिस निरीक्षक राजेन्द्र पवार के अनुसार, घटनास्थल के पास लगे CCTV कैमरों और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। स्नैचिंग के दौरान महिला के गले पर रोहित का नाखून लगने से वह घायल भी हुईं।
फिलहाल, दोनों आरोपियों के खिलाफ IPC की धारा 309(4), 3(5) 2023 के तहत मामला दर्ज किया गया है और मामले की जांच जारी है।