Home Trending Now एमएलसी चुनाव रिजल्ट से जोश में समाजवादी पार्टी, अखिलेश यादव और सनातन...

एमएलसी चुनाव रिजल्ट से जोश में समाजवादी पार्टी, अखिलेश यादव और सनातन पांडेय के निशाने पर आए केशव मौर्य

खबरयूपी समाचार ब्यूरो
लखनऊ. शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव में 11 सीटों में से भाजपा ने 6 सीटें जीती हैं और समाजवादी पार्टी ने 5 सीटें अपने नाम की हैं। भाजपा ने अपनी पुरानी स्थिति बरकरार रखी है लेकिन नतीजों से सपा ने पिछली बार के 3 के मुकाबले अपनी संख्या 5 कर लिया है और विधानपरिषद में नेता प्रतिपक्ष का पद अपने पास रखने की स्थिति बना ली है। नतीजों से सपा खेमा अत्यधिक उत्साहित दिखाई दे रहा है, वहीं भाजपा के खेमे में कुछ मायूसी दिखाई दे रही है.
नतीजों में से भाजपा ने मेरठ स्नातक और मेरठ शिक्षक दोनों सीटें जीती हैं। बरेली-मुरादाबाद शिक्षक और लखनऊ शिक्षक सीट भी भाजपा के ही खाते में गई हैं। आगरा स्नातक और गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सीट पर भी भाजपा का ही परचम लहराया है। वहीं समाजवादी पार्टी के उम्मीदवारों को वाराणसी शिक्षक, वाराणसी स्नातक, लखनऊ स्नातक, आगरा शिक्षक और झांसी-प्रयागराज स्नातक सीट पर विजय मिली है।
इन सीटों में से वाराणसी, लखनऊ और प्रयागराज जैसी सीटों पर समाजवादी पार्टी के उम्मीदवारों की जीत भाजपा को बेहद खल रही है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का बयान भी आया है जिसमें उन्होंने कहा है कि ‘हम लोग और अधिक सीटें जीतने की अपेक्षा कर रहे थे, उतनी सीटें नहीं मिल पाई हैं, इसको भी देखेंगे. सपा का जो खाता जहां खुल गया.. जहां नहीं खुलना चाहिए था, उस पर विचार करेंगे’.
दरअसल उपमुख्यमंत्री पिछले काफी अर्से से एमएलसी चुनाव और 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर भी भाजपा की फिर से प्रचंड जीत के दावे कर रहे थे, लेकिन उनके बयान से साफ जाहिर है कि नतीजों ने उन्हें मायूस किया है।
केशव प्रसाद मौर्य को उत्तर प्रदेश भाजपा में पार्टी से पिछड़े वर्ग के वोटरों को जोड़नेवाले सबसे बड़े नेताओं में गिना जाता है। इसी वजह से उनको और उनके बयान सपा मुखिया अखिलेश यादव के लगातार निशाने पर रहते हैं. इस बार भी सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तुरंत पलटवार किया. अखिलेश यादव ने केशव प्रसाद मौर्य के वीडियो को शेयर करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि ‘दरअसल पीडीए की जीत पर ये भी अंदर-ही-अंदर ख़ुश हैं, घर छोड़ देने से कोई पराया नहीं हो जाता है’।
एमएलसी चुनाव नतीजों पर बलिया से सपा सांसद सनातन पांडे ने कहा कि ‘अगर धांधली नहीं होती तो 100% सीटों पर समाजवादी पार्टी की जीत होती’. उन्होंने केशव प्रसाद मौर्य के बयान पर कहा कि कम से कम केशव प्रसाद मौर्य ने स्वीकार किया कि उनका वोट कम हो रहा है और सपा का वोट बढ़ रहा है.
एमएलसी चुनाव में आम लोगों की भागीदारी उस तरह से नहीं होती जिस तरह आम चुनावों में होती है और इसमें वोटर भी बहुत कम होते हैं। इसीलिए इन नतीजों को सीधे विधानसभा चुनावों का प्रतिबिंब नहीं माना जा सकता, लेकिन जीत तो जीत होती है। वाराणसी और प्रयागराज के साथ ही गोरखपुर में जिस तरह से भाजपा प्रत्याशी ध्रुव त्रिपाठी को जीत के लिए जूझना पड़ा और उनकी जीत का अंतर सिर्फ 307 रहा, उसने सपाइयों में निश्चित रूप से जोश भर दिया है।