Home Trending Now बलिया में बनेगा प्रदेश का 82वां मेडिकल कॉलेज, प्रदेश मंत्रिमंडल ने दी...

बलिया में बनेगा प्रदेश का 82वां मेडिकल कॉलेज, प्रदेश मंत्रिमंडल ने दी मंजूरी

लखनऊ. प्रदेश का 82वां मेडिकल कॉलेज बलिया जनपद में बनेगा. बलिया में मेडिकल कॉलेज बनाए जाने की चर्चा काफी दिनों से हो रही थी लेकिन अब लखनऊ में योगी कैबिनेट ने बलिया में मेडिकल कॉलेज की स्थापना को मंजूरी दे दी है. इस बारे में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने विस्तार से जानकारी दी.

मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि बलिया में स्थापित होने वाला यह मेडिकल कॉलेज स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय होगा। इसकी स्थापना के लिए मंत्रिपरिषद से स्वीकृति मिल गई है
.
मंत्री ने बताया कि मेडिकल कालेज का नाम महर्षि भृगु के नाम पर होगा। साथ ही यहां 2.5 एकड़ में स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानियों को समर्पित स्मारक का निर्माण होगा जो चित्तू पाण्डेय जी के नाम पर होगा। यह महत्वपूर्ण निर्णय जनपद की स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के साथ-साथ क्षेत्रवासियों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

मेडिकल कॉलेज की स्थापना जिला कारागार, बलिया की भूमि पर की की जाएगी. इसके बन जाने से ना सिर्फ स्थानीय युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर प्राप्त होंगे बल्कि जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं का स्तर और ऊँचा होगा।

महर्षि भृगु चिकित्सा महाविद्यालय प्रदेश का 82वां मेडिकल कॉलेज होगा। इसके निर्माण की अनुमानित लागत करीब 437 करोड़ रुपए है। इसके निर्माण के बाद प्रदेश में एमबीबीएस की सीटें भी बढ़ जाएंगी.